प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड को विकास यात्रा के लिए नई दिशा, नई उर्जा दी: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जिस राज्य की नींव रखी थी उसे सशक्त समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है। धामी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए मोदी का आभार जताया। प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर एक दिन पहले धामी को पत्र लिखकर उत्तराखंड को शुभकामनाएं दी थीं। उत्तराखंड का गठन नौ नवंबर 2000 को उत्तर प्रदेश से अलग कर किया गया था।

धामी ने कहा “मैं प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग से देवभूमि उत्तराखंड में विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए अभूतपूर्व कार्यों और उपलब्धियों को साझा कर रहा हूं।”मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तराखंड की पहचान एक उत्कृष्ट पर्यटन स्थल उद्योगों के अनुकूल राज्य और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में बन रही है। उन्होंने कहा कि नए उत्तराखंड में हर वर्ग के कल्याण और प्रगति का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

धामी ने मोदी को लिखे एक पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश पढ़कर उन्हें न केवल एक प्रधानमंत्री की शुभकामनाएं महसूस हुईं बल्कि एक संवेदनशील व्यक्ति की भावनाएं भी दिखाई दीं जिसका उत्तराखंड की मिट्टी से गहरा जुड़ाव है।

उन्होंने लिखा “आपके (प्रधानमंत्री के) शब्दों में व्यक्त आत्मीयता ने प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को यह अनुभूति कराई है कि उत्तराखंड आपके लिए भारत का केवल एक राज्य नहीं बल्कि भावनाओं आध्यात्मिक चेतना और आत्मीय संबंधों से जुड़ी एक पावन भूमि है। आपके इस स्नेहिल संदेश के लिए मैं प्रदेश की समस्त जनता की ओर से हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं।” धामी ने कहा कि उत्तराखंड का गठन लंबे जनसंघर्ष अनगिनत बलिदानों और लोगों की आकांक्षाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का योगदान राज्य के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी द्वारा रखी गई नींव पर सशक्त समृद्ध और आत्मनिर्भर राज्य बनाने का संकल्प मोदी के नेतृत्व में लगातार साकार हो रहा है।

धामी ने कहा “अटल जी के स्वप्न और आपके संकल्प के बीच उत्तराखंड की विकास यात्रा एक सशक्त सेतु के रूप में आगे बढ़ रही है।” उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ के चरणों में प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने की बात कही थी और इस घोषणा ने राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा आत्मविश्वास और ऊर्जा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उन्होंने विकास को केवल आंकड़ों घोषणाओं और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं रखा बल्कि दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों की जरूरतों को भी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में शामिल किया। धामी ने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के अपनी सरकार के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से काम करने का भरोसा जताया। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: