अगरतला, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की त्रिपुरा इकाई ने कहा कि भाजपा-विरोधी वोटों के बंटवारे को रोकने की ‘‘पूरी कोशिश’’ के बावजूद निकाय चुनाव में सीट के बंटवारे को लेकर कांग्रेस के साथ बातचीत विफल रही।
इस घटनाक्रम के साथ 27 नवंबर को अगरतला नगर निगम समेत 21 नगर निकायों के लिए होने वाले चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग माकपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा। माकपा एवं कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन का हिस्सा हैं।
माकपा के प्रदेश सचिव जितेंद्र चौधरी ने कहा ‘‘कांग्रेस के साथ चुनावी तालमेल की लोगों की स्वभाविक इच्छा का सम्मान करते हुए हमने सीट के बंटवारे को अंतिम रूप देने की पूरी कोशिश की और कल रात तक कई दौर की बातचीत भी हुई। लेकिन यह प्रक्रिया बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई।’’
त्रिपुरा विधानसभा में विपक्ष के नेता चौधरी ने माना कि कांग्रेस के कई नेताओं ने भाजपा-विरोधी वोट के बंटवारे को रोकने की गंभीर कोशिशें कीं लेकिन पार्टी किसी एक फैसले पर नहीं पहुंच सकी जिसकी वजह से बातचीत विफल रही।
उन्होंने कहा कि माकपा निकाय चुनाव में भाजपा-विरोधी राजनीतिक ताकतों के साथ मिलकर भाजपा का मुकाबला करना चाहती थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख मंगलवार दोपहर तीन बजे खत्म हो गई।
प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने वार्ता के विफल हो जाने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common