प्रधानमंत्री मोदी 11-12 नवंबर को भूटान की यात्रा पर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11-12 नवंबर 2025 तक भूटान की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच मैत्री और सहयोग के विशेष संबंधों को मज़बूत करना है और यह नियमित द्विपक्षीय उच्च-स्तरीय आदान-प्रदान की परंपरा के अनुरूप है।इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात करेंगे और दोनों नेता भारत सरकार और भूटान की शाही सरकार द्वारा संयुक्त रूप से विकसित 1020 मेगावाट की पुनात्सांगछू-II जलविद्युत परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री भूटान के चौथे राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक की 70वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से भी मुलाकात करेंगे।प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत से भगवान बुद्ध के पवित्र पिपराह अवशेषों की प्रदर्शनी के साथ मेल खाती है। प्रधानमंत्री थिम्पू के ताशीछोद्ज़ोंग में पवित्र अवशेषों की पूजा-अर्चना करेंगे और भूटान की शाही सरकार द्वारा आयोजित वैश्विक शांति प्रार्थना महोत्सव में भी भाग लेंगे।

भारत और भूटान के बीच एक अद्वितीय और अनुकरणीय साझेदारी है जो एक-दूसरे के प्रति गहरे आपसी विश्वास, सद्भावना और सम्मान पर आधारित है। साझा आध्यात्मिक विरासत और लोगों के बीच मधुर संबंध इस विशेष साझेदारी की पहचान हैं। प्रधानमंत्री की यह यात्रा दोनों पक्षों को हमारी द्विपक्षीय साझेदारी को और बढ़ाने एवं सुदृढ़ करने के तरीकों पर विचार-विमर्श करने, तथा आपसी हित के क्षेत्रीय एवं व्यापक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर प्रदान करेगी।https://en.wikipedia.org/wiki/Bhutan%E2%80%93India_relations#/media/File:The_Prime_Minister,_Shri_Narendra_Modi_meeting_the_Prime_Minister_of_Bhutan,_Mr._Tshering_Tobgay,_at_Hyderabad_House,_in_New_Delhi_on_July_06,_2018_(1).JPG

%d bloggers like this: