पेरिस, (एपी) फ्रांस सरकार पार्क, वनों और समुद्र तटों समेत कुछ अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने पर रोक लगाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। फ्रांस सरकार के स्वास्थ्य मंत्री की ओर से मंगलवार को पेश राष्ट्रीय तंबाकू रोधी योजना के तहत सार्वजनिक स्थलों पर सिगरेट पीने पर रोक लगायी जायेगी। स्वास्थ्य एवं रोकथाम मंत्री ऑरेलियन रूसो ने बीएफएम टेलीविज़न पर कहा कि फ्रांस में तंबाकू उत्पादों की वजह से हर साल 75 हजार ऐसी मौतें होती हैं, जिनसे बचा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि धूम्रपान प्रतिबंधित स्थानों का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार अगले साल की शुरुआत में एक कानून लेकर आएगी जिसके तहत वहां सिगरेट पीने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जा सकता है। मंत्री ने कहा कि तटों, पार्क और स्कूलों के आस-पास– विभिन्न स्थानों पर इस तरह का प्रयोग शुरू कर दिया गया है ।
सरकार का इरादा एकल-उपयोग वाली डिस्पोजेबल ई-सिगरेट को भी गैरकानूनी घोषित करने का है। अगले महीने ‘नेशनल असेंबली’ में इस पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक मसौदा कानून पर शुरुआती मतदान होने की उम्मीद है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common