पटना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी ने कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है और गठबंधन के सभी घटक दल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में राजग की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में वैशाली जिले के राजापाकर में होने वाले कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में 11 12 और 13 नवंबर को प्रखंड स्तर पर तथा 17 और 18 नवंबर को विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया। द्विवेदी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजग की यह संयुक्त बैठक गठबंधन को लेकर अफवाह फैलाने वालों के लिए स्पष्ट संदेश है कि बिहार में गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 21 नवंबर को राजापाकर पहुंचेंगे जहां करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्वागत केवल सभा में भीड़ जुटाने से नहीं बल्कि उनके विकास कार्यों की जानकारी जनता तक पहुंचाने से होगा। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि 20 नवंबर को राजग सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है और इस अवसर पर राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित 1 200 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले औद्योगिक एस्टेट में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजग के सभी घटक दल मिलकर इसे भव्य बनाएंगे। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि राजग के कार्यकर्ताओं ने हर परिस्थिति में कार्यक्रमों को सफल बनाया है और कभी पीछे कदम नहीं हटाया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 से पहले बिहार जिन गंभीर चुनौतियों से गुजर रहा था उनसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य को बाहर निकाला गया और विकास के नए आयाम स्थापित किए गए। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम)-सेक्युलर के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने राजग की ताकत एकजुटता और साझा विकास के संकल्प को बताया। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने प्रधानमंत्री के बिहार आगमन को गौरव का विषय कहा।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि वैशाली का कार्यक्रम औद्योगिक विकास और युवाओं के भविष्य का संदेश देगा। तीनों नेताओं ने आयोजन को सफल बनाने की अपील की। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common