पटना, बिहार सरकार ने नेपाल में आई अचानक आई बाढ़ के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला और उन्हें ट्रेन से उनके गृह राज्य भेज दिया। एक आधिकारिक बयान में शनिवार को यह जानकारी दी गई।
बिहार आपदा प्रबंधन विभाग ने बताया कि यह निकासी महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर की गई।
बयान में कहा गया ‘‘बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने शुक्रवार को नेपाल सीमा से श्रद्धालुओं को सुरक्षित सीतामढ़ी पहुंचाया।’’
यह बचाव अभियान मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल की देखरेख में चलाया गया।
सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि महाराष्ट्र के ये श्रद्धालु पशुपतिनाथ मंदिर या नेपाल के अन्य तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए गए थे या नहीं।
बयान में कहा गया ‘‘उन्हें शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे पटना लाया गया और एक सामुदायिक भवन में ठहराया गया जहां उन्हें भोजन चिकित्सा जांच और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रदान की गईं।’’
बिहार के मुख्य सचिव और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के बीच समन्वय के बाद श्रद्धालुओं को ले जाने के लिए पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए।
एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालु शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए। अधिकारी ने यह भी बताया कि कुछ श्रद्धालुओं ने संबंधित रेलवे और राज्य सरकार के अधिकारियों को राखियां भी बांधीं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common