बीजिंग ने हांगकांग के कार्यकर्ता जोशुआ वोंग पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत दूसरी बार आरोप लगाया

हांगकांग,  हांगकांग के एक प्रमुख कार्यकर्ता जोशुआ वोंग पर बीजिंग ने राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए विदेशी ताकतों के साथ मिलीभगत करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। चीन के इस फैसले की आलोचना करने वालों का कहना है कि इस निर्णय ने हांगकांग के लोकतंत्र समर्थक आंदोलन को कुचल दिया है। 

                        अभियोजन पक्ष ने दूसरी बार वोंग पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत आरोप लगाया है। वोंग को पहले भी एक अनौपचारिक प्रारंभिक चुनाव के जरिये सरकार के प्राधिकार को चुनौती देने के एक अलग मामले में दोषी ठहराया जा चुका है  जिसके लिए वह चार वर्ष और आठ महीने की सजा काट रहे हैं।

                        अभियोजन पक्ष ने 28 वर्षीय वोंग पर साथी कार्यकर्ता नाथन लॉ और अन्य लोगों के साथ मिलकर चीन के बाहर के देशों  संस्थानों  संगठनों व लोगों को हांगकांग व चीन पर प्रतिबंध लगाने या अन्य शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों में शामिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

                        अभियोजन पक्ष ने बताया कि वोंग और उनके साथियों ने चीन और हांगकांग सरकारों के कानूनों और नीतियों को लागू करने में अड़चनें पैदा कीं और इस कृत्य के गंभीर परिणाम होने की संभावना है।

                        कथित अपराध जुलाई से नवंबर 2020 के बीच हुआ। अभियोजन पक्ष ने अदालत में आरोपों के बारे में विस्तार से नहीं बताया। इस आरोप में अधिकतम आजीवन कारावास की सजा हो सकती है।अदालत में अभियोजन पक्ष के आरोपों को सुनने के बाद वोंग ने कहा कि उन्हें आरोप समझ आ गये हैं।नीली शर्ट पहने हुए वोंग बेहद पतले दिखाई दिये।अदालत ने मामले की सुनवाई अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: