अमरावती, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अगले सात वर्ष में विशाखापत्तनम को एक प्रमुख आर्थिक केंद्र बनाने के मकसद से एक महत्वाकांक्षी खाका पेश किया। नायडू ने राज्य के आठ जिलों को एक साथ जोड़कर ‘विशाखा आर्थिक क्षेत्र’बनाने की जरूरत पर बल दिया ताकि वर्ष 2032 तक 120 अरब डॉलर की आर्थिक गतिविधियों का लक्ष्य हासिल किया जा सके।
राज्य सरकार की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ‘‘नायडू ने अधिकारियों को आंध्र प्रदेश के विकास इंजन के रूप में ‘विशाखा आर्थिक क्षेत्र’ को विकसित करने का निर्देश दिया है। इसका लक्ष्य 2032 तक इस क्षेत्र से 120 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।’’ ‘विशाखा आर्थिक क्षेत्र’ में आठ जिले विशाखापत्तनम विजयनगरम श्रीकाकुलम अनाकापल्ली काकीनाडा पूर्वी गोदावरी अल्लूरी सीता रामाराजू और मान्यम शामिल हैं।
राज्य सचिवालय में नीति आयोग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विशाखापत्तनम आर्थिक क्षेत्र के विकास पर चर्चा की।
उन्होंने छह बंदरगाहों सात विनिर्माण केंद्रों 17 प्रमुख कृषि क्षेत्रों छह सेवा केंद्रों और 12 पर्यटन केंद्रों पर केंद्रित विकास का प्रस्ताव रखा।
विज्ञप्ति के अनुसार नीति आयोग के अधिकारियों ने इस पर एक विस्तृत बिंदुवार प्रस्तुति दी। इस योजना के कार्यान्वयन के लिए कुल 41 प्रमुख परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common