नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली इकाई के दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर बन रहे नये मुख्यालय में दक्षिण भारतीय मंदिरों की वास्तुकला की झलक नजर आएगी और यह पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं के वित्तीय योगदान से संचालित होगा। पार्टी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा नौ जून को डीडीयू मार्ग पर 825 वर्ग मीटर के भूखंड पर बनने वाले चार मंजिला हरित भवन की आधारशिला रखेंगे और भूमि पूजन करेंगे।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की दिल्ली इकाई का अपना कार्यालय भवन होने का पुराना सपना साकार हाने वाला है। सभी पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए यह बहुत खुशी की बात है।’’
उन्होंने कहा कि नया भवन भाजपा की दिल्ली इकाई के पार्टी के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं के कठिन परिश्रम के प्रति सम्मान होगा जिन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी के विकास में लगा दिया।
भाजपा की दिल्ली इकाई के कोषाध्यक्ष विष्णु मित्तल ने कहा कि नये भवन का निर्माण कार्य अगले 18 महीने में पूरा होने की संभावना है और पार्टी 2025 का विधानसभा चुनाव इसी भवन से लड़ेगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में भवन पर अधिकार होने की भावना को बढ़ावा देने के लिए शहर के सभी 10,000 मतदान बूथों के 10 से 15 लोगों से एक-एक हजार रुपये लिए जाएंगे।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons