भारतीय नौसेना का स्वदेश निर्मित सर्वेक्षण पोत (बड़ा), इक्षक, 06 नवंबर 2025 को नौसेना बेस कोच्चि में नौसेना में शामिल किया जाएगा। इस समारोह की अध्यक्षता नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी करेंगे, जो इस पोत के औपचारिक रूप से नौसेना में शामिल होने का प्रतीक होगा।
अपनी श्रेणी के तीसरे पोत के रूप में, इक्षक का शामिल होना उन्नत, अत्याधुनिक प्लेटफार्मों के निर्माण के प्रति भारतीय नौसेना की दृढ़ प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जो क्षमता वृद्धि और आत्मनिर्भरता की गति को आगे बढ़ाते हुए स्वदेशी जल सर्वेक्षण उत्कृष्टता में एक नया मार्ग प्रशस्त करता है।गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) लिमिटेड, कोलकाता द्वारा पोत उत्पादन निदेशालय और युद्धपोत निरीक्षण दल (कोलकाता) की देखरेख में निर्मित, इक्षक में 80% से अधिक स्वदेशी सामग्री शामिल है।
यह पोत जीआरएसई और भारतीय एमएसएमई के बीच सफल सहयोग का प्रमाण है, जो आत्मनिर्भर भारत की भावना और शक्ति को गर्व से दर्शाता है।हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण कार्यों की अपनी प्राथमिक भूमिका के अलावा, इक्षक को दोहरी भूमिका क्षमता के साथ डिज़ाइन किया गया है, जो मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) प्लेटफ़ॉर्म के रूप में और आपात स्थिति के दौरान एक अस्पताल पोत के रूप में कार्य करता है।
उल्लेखनीय रूप से, इक्षक महिलाओं के लिए समर्पित आवास वाला पहला एसवीएल पोत भी है, जो भविष्य के लिए तैयार बेड़े के प्रति भारतीय नौसेना के समावेशी और प्रगतिशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।पोत का नाम, इक्षक, जिसका अर्थ है ‘मार्गदर्शक’, उसके मिशन का सटीक प्रतीक है – अज्ञात का पता लगाना, नाविकों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित करना और भारत की समुद्री शक्ति को मजबूत करना।https://x.com/PIB_India/status/1982793753338560939/photo/2