भारतीय मूल की सिख महिला ने पाकिस्तान के व्यक्ति से किया निकाह

इस्लामाबाद,  जर्मनी से ताल्लुक रखने वाली भारतीय मूल की एक सिख महिला ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के एक व्यक्ति से निकाह किया है। बृहस्पतिवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। समाचारपत्र ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की एक खबर के अनुसार जसप्रीत कौर, जिनका नाम अब ज़ैनब हो गया है, ने अली अर्सलान के साथ विवाह किया। इसकी पुष्टि जामिया हनफिया, सियालकोट द्वारा जारी किए गए इस्लाम स्वीकार करने के प्रमाणपत्र से हुई है।

कौर पंजाब के लुधियाना से हैं और उन्होंने विवाह से पहले जामिया हनफिया सियालकोट में इस्लाम अपनाया और यहीं उन्हें नया नाम भी दिया गया।  खबर के अनुसार विदेश में रहने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, अर्सलान ने कौर को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया और वहीं उनका विवाह हुआ। 

कौर 16 जनवरी को धार्मिक यात्रा पर पाकिस्तान गई थीं और उसी दौरान दोनों ने विवाह किया। कौर के पास भारतीय पासपोर्ट भी है, उन्हें 15 अप्रैल तक एकल प्रवेश वीजा दिया गया था।

जामिया हनफिया के अधिकारियों ने बताया कि उनके संस्थान में कौर सहित 2,000 से अधिक लोगों ने इस्लाम अपनाया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: