भारत और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालयों के बीच 14वीं संयुक्त कार्य समूह की बैठक उलानबटार में आयोजित हुई

भारत और मंगोलिया के रक्षा मंत्रालयों के बीच 14वीं संयुक्त कार्य समूह की बैठक 16 अक्टूबर, 2026 को उलानबटार में हुई। दोनों पक्षों ने चल रहे द्विपक्षीय रक्षा सहयोग कार्यों की व्यापक समीक्षा की, मौजूदा पहलों की प्रगति का आकलन किया और आपसी सहमति वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। साथ ही, उन्होंने निरंतर बातचीत के माध्यम से अपनी दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी अपने विचार साझा किए।दोनों पक्षों ने ‘नोमैडिक एलीफेंट’ (Nomadic Elephant) अभ्यास के सफल समापन की सराहना की, जो भारत और मंगोलिया की द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मंगोलियाई पक्ष ने मंगोलियाई सशस्त्र बलों के कर्मियों के प्रशिक्षण और उनकी क्षमता निर्माण में भारत के निरंतर सहयोग को स्वीकार किया।

इस बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के रक्षा मंत्रालय की संयुक्त सचिव डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी और मंगोलिया के रक्षा उप-राज्य सचिव ब्रिगेडियर जनरल गनसुख ई. ने की।संयुक्त सचिव डॉ. इशिता गांगुली त्रिपाठी ने मंगोलियाई सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख, मेजर जनरल उसुखबयार जे. के साथ भी एक बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने दोनों देशों के रक्षा बलों के बीच सहयोग में हुई प्रगति की सराहना की।

उन्होंने आपसी जुड़ाव को और गहरा करने, रक्षा संबंधों को मजबूत करने और भारत-मंगोलिया रणनीतिक साझेदारी के लिए भविष्य की दिशा तय करने वाले एजेंडे पर चर्चा की।भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी का भी दौरा किया, जहां उन्होंने भारत की सहायता से स्थापित ‘साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण केंद्र’ के कामकाज का जायजा लिया। मंगोलियाई पक्ष ने भाषा प्रशिक्षण और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में भारत के निरंतर सहयोग की सराहना की।

उन्होंने रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए क्षमता निर्माण, ज्ञान साझा करने और रक्षा सहयोग को और गहरा करने के महत्व पर जोर दिया।भारत और मंगोलिया के बीच गहरे ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं, जो उनकी आज की साझेदारी के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करते हैं। इस दौरे ने दोनों देशों को करीब लाने में साझा विश्वास और सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।https://x.com/SpokespersonMoD/status/2111012221514101199/photo/1

%d bloggers like this: