नयी दिल्ली, रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि भुवनेश्वर कुमार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हुए शायद भारतीय टीम में वापसी के बारे में सोचा भी नहीं था और उनके प्रदर्शन ने ही चार साल बाद राष्ट्रीय टी20 टीम में उनकी वापसी का रास्ता बनाया। अगले सप्ताह से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए भुवनेश्वर की भारतीय
टीम में वापसी हुई है। भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर अश्विन का मानना है कि इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन के संभावित इनाम की चिंता करने के बजाय अपनी जिम्मेदारियों पर ध्यान केंद्रित किया।
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा ‘‘मुझे लगता है कि भुवनेश्वर कुमार ने वापसी के बारे में सोचा भी नहीं होगा। मुझे लगता है कि यही उनकी सफलता का मंत्र होगा। जब मैं उन्हें देखता हूं तो मुझे लगता है कि मैंने भी खुद अपने करियर में ऐसा अनुभव किया है। वह अपनी राह पर चलते रहे।’’ उन्होंने कहा ‘‘उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करने नई गेंद से अच्छी गेंदबाजी करने और आरसीबी के लिए योगदान देने पर ध्यान दिया। वह जो कुछ कर सकते थे उन्होंने किया। टीम में उनकी वापसी उनकी सफलता का इनाम है। उन्होंने उस इनाम के पीछे दौड़ नहीं लगाई बल्कि अपना काम करते रहे और सफलता उनके पीछे आई।’’
भुवनेश्वर की वापसी के बाद मोहम्मद शमी के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर भी अटकलें लगने लगी हैं। हालांकि अश्विन ने कहा कि इस अनुभवी तेज गेंदबाज की वापसी की संभावना बनी हुई है बशर्ते वह इसके लिए जरूरी मेहनत करने को तैयार हों। भारत के लिए 106 टेस्ट खेलने वाले 40 वर्षीय अश्विन ने कहा ‘‘यह क्रिकेटर पर निर्भर करता है। अगर किसी खिलाड़ी को विश्वास है कि वह वापसी कर सकता है तो उसे इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।’’
अश्विन ने जसप्रीत बुमराह और विराट कोहली के साथ अपने संबंधों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि बुमराह के साथ उनका रिश्ता मुख्य रूप से हंसी-मजाक और एक-दूसरे की टांग खिंचाई पर आधारित है जबकि कोहली के कप्तानी छोड़ने के बाद उनके रिश्ते में और सुधार आया।
अश्विन ने कहा ‘‘जस्सी के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं। हम हमेशा मजाक करते हैं और एक-दूसरे की टांग खींचते हैं। क्रिकेटर के तौर पर हमारे बीच ज्यादा बातचीत नहीं होती इसलिए हमारा रिश्ता काफी हद तक हंसी-मजाक पर आधारित है।’’ कोहली के बारे में अश्विन ने कहा कि जब इस दिग्गज बल्लेबाज ने टीम की कप्तानी छोड़ दी और एक खिलाड़ी के तौर पर अपनी भूमिका पर ध्यान केंद्रित किया तब उनके संबंध और बेहतर हो गए।
वर्ष 2027 में होने वाले एकदिवसीय विश्व कप को लेकर अश्विन ने भारत को खिताब के प्रमुख दावेदारों में शामिल बताया लेकिन मेजबान दक्षिण अफ्रीका को उसकी घरेलू परिस्थितियों में कड़ी चुनौती देने वाली टीम करार दिया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common