अयोध्या (उप्र), मलेशिया में दिवाली की तैयारियां देखने और अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता के बारे में सुनने के बाद ऑस्ट्रेलियाई पर्यटक शेन इस उत्सव का अनुभव करने के लिए भारत पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के एक बयान के अनुसार शेन ने बताया कि रोशनी से जगमगाती सड़कें सजे हुए चौक-चौराहे एलईडी स्क्रीन दीयों की सजावट और धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देखकर वह अभिभूत हैं।
बयान के अनुसार ऑस्ट्रेलियाई नागरिक शेन भारत की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। इससे पहले वह मलेशिया में थे जहां भारतीय समुदाय के बीच दिवाली की तैयारियां देखकर उन्हें इस पर्व और अयोध्या के दीपोत्सव के बारे में जानकारी मिली। शेन ने बताया कि मलेशिया में ही अयोध्या की चर्चा सुनी थी जिसके बाद उनके मन में यह देखने की इच्छा हुई कि भगवान राम की नगरी में दिवाली कैसे मनाई जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें अयोध्या आकर बहुत अच्छा लगा और यहां का वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर है तथा दीपोत्सव की तैयारियां एवं रोशनी देखकर वह अभिभूत हैं।
उन्होंने कहा कि उनके लिए यह उत्सव भारत की आध्यात्मिक परंपराओं को करीब से जानने और महसूस करने का अवसर है। शेन ने कहा कि शहर की जगमगाती सड़कें और विभिन्न चौक-चौराहों पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी उन्हें बेहद पसंद आए हैं।
उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर चौक की सजावट एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही झलकियां और विभिन्न स्थानों पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम एवं लोकनृत्य अयोध्या की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं। शेन ने कहा कि यहां की तैयारियां बेहद शानदार हैं तथा अलग-अलग संस्कृतियों और परंपराओं को एक साथ देखना उनके लिए सुखद अनुभव रहा है।
उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के माध्यम से भारत की संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को करीब से जानने का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा है। उन्होंने अयोध्या की सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना करते हुए कहा कि वह ऑस्ट्रेलिया से आए हैं लेकिन यहां खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अयोध्या को एक सुंदर शहर बताया और कहा कि यहां का वातावरण मन को शांति और सुकून देता है। शेन सोमवार तक अयोध्या में रहेंगे और दीपोत्सव देखने के बाद वाराणसी जाएंगे।
बयान में कहा गया कि राम मंदिर के निर्माण के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों से अयोध्या को वैश्विक स्तर पर नयी पहचान मिली है। इसके अनुसार भव्य राम मंदिर विकसित हो रही बुनियादी सुविधाएं बेहतर सड़कें सांस्कृतिक कार्यक्रम और दीपोत्सव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। बयान में कहा गया कि अयोध्या आध्यात्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रही है और मलेशिया में दीपोत्सव के बारे में सुनकर ऑस्ट्रेलिया से शेन का अयोध्या आना इस उत्सव की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता को दर्शाता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common