छत्रपति संभाजीनगर, शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे ने शुक्रवार को दावा किया कि महाराष्ट्र में भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार लोगों के लाभ के लिए शुरू की गईं विभिन्न योजनाओं को रोकने की कोशिश कर रही है क्योंकि राज्य की वित्तीय स्थिति अच्छी नहीं है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष दानवे ने कहा कि राज्य पर आठ लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। दानवे ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा “महाराष्ट्र की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है। विधानसभा चुनाव से पहले महायुति सरकार ने लाडकी बहिन और लाडका भाऊ जैसी कई योजनाओं की घोषणा की थी। उस समय हमने चेतावनी दी थी कि ये योजनाएं राज्य की अर्थव्यवस्था को तबाह कर देंगी और आज वही हो रहा है।” उन्होंने कहा “राज्य पर आठ लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। सरकार अब योजनाओं को बंद करने और लाभार्थियों की संख्या कम करने की कोशिश कर रही है।”क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common