महाराष्ट्र में ‘झूठ, लूट, फूट’ की सरकार है: योगेंद्र यादव

पालघर, स्वराज इंडिया के प्रमुख योगेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन पर महाराष्ट्र में ‘झूठ लूट फूट’ की सरकार चलाने का आरोप लगाया है। पालघर जिले के दहानु में बृहस्पतिवार को मौजूदा विधायक विनोद निकोल के समर्थन में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों से वित्तीय वादों से प्रभावित होने के बजाय मूल्यों और सिद्धांतों के आधार पर वोट देने का आग्रह किया। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (‘इंडिया’) के घटक दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने निकोल को दहानु से फिर से उम्मीदवार बनाया है। यादव ने मौजूदा सरकार को ‘झूठ लूट फूट’ वाली सरकार करार दिया और आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग ‘विनाशकारी’ नीतियां लागू कर रहे हैं। विधायक निकोल ने कहा ‘‘विकास की आड़ में भाजपा और उसके सहयोगियों ने आम लोगों को धोखा दिया है।’’ उन्होंने लोगों से अपील की ‘‘यहां के आदिवासियों के अधिकारों के लिए लड़ना हमारा कर्तव्य है और हम ऐसा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एकनाथ शिंदे सरकार की जनजातीय नीतियों की निंदा की तथा उन पर राजनीतिक लाभ के लिए जनजातीय अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: