महाराष्ट्र में भाजपा विधायक दल के नेता के चयन के लिए सीतारमण, रूपाणी होंगे केंद्रीय पर्यवेक्षक

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से सोमवार को जारी एक बयान में यह घोषणा की गई। भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी एक बयान में कहा गया ‘‘पार्टी के संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव के लिये विजय रूपाणी और निर्मला सीतारमण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।’’ जो विधायक नेता चुने जाएंगे उनका राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो जाएगा। इस बारे में भाजपा की ओर से अभी तक कोई संकेत नहीं दिए गए हैं लेकिन सूत्रों का कहना है कि इस दौड़ में पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस सबसे आगे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति को भारी जीत मिली है। महायुति ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा ने सबसे ज्यादा 132 सीट पर जीत दर्ज की जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को 57 और अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 41 सीट मिलीं। चुनावी नतीजों की घोषणा के एक सप्ताह से अधिक समय बाद भी महाराष्ट्र में नयी सरकार का गठन नहीं हुआ है। कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि वह नये मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भाजपा के फैसले का समर्थन करेंगे। उनकी इस घोषणा के बाद लगभग यह स्पष्ट हो गया है कि महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री भाजपा से होगा। भाजपा ने घोषणा की है कि नयी महायुति सरकार का शपथ ग्रहण समारोह पांच दिसंबर की शाम दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसमें शामिल होंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि चार दिसंबर को पार्टी विधायक दल की बैठक हो सकती है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: