मुंबई, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार अधीनस्थ अदालतों के कर्मचारियों की मांगों पर मुंबई उच्च न्यायालय द्वारा गठित समिति की सिफारिशों के क्रियान्वयन पर विचार के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित करेगी।
मुख्यमंत्री ने यहां सह्याद्री अतिथि गृह में अदालत कर्मियों के संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि इस समिति में मुंबई उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल विधि एवं न्याय विभाग के प्रधान सचिव और वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव शामिल होंगे।
उन्होंने कहा ‘‘समिति को अपनी रिपोर्ट सौंपने के लिए एक निश्चित समयसीमा दी जाएगी। इसके बाद सरकार सिफारिशों पर सकारात्मक कदम उठाएगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिफारिशों को लागू करने से पहले अन्य सरकारी विभागों में समान संवर्ग के कर्मचारियों के वेतनमान का तुलनात्मक अध्ययन करना जरूरी होगा।
फडणवीस ने कहा कि प्रस्तावित उपायों से राज्य के खजाने पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ का भी आकलन करना होगा।
मुंबई उच्च न्यायालय ने इससे पहले अदालत के कर्मचारियों की मांगों की पड़ताल के लिए दो न्यायाधीशों की एक समिति गठित की थी। सरकार को उसकी रिपोर्ट मिल चुकी है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common