हाथरस/लखनऊ (उप्र), उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि जिस तरह से हाल के एशियाई खेलों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की महिला खिलाड़ियों ने कमाल किया उसी तरह से हाथरस की बेटियों को भी आगे बढ़ना चाहिए। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने यहां बताया कि आदित्यनाथ 177.29 करोड़ रुपये की 214 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के लिए हाथरस में थे।
उन्होंने हाथरस में आयोजित ‘नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम को संबोधित करते कहा, ”डबल इंजन सरकार की सोच विकास की सोच है। इसके तहत सरकार सड़क, पेयजल और स्टेडियम समेत अपने सभी कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है। हम चाहते हैं कि जिस तरह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बेटियों ने एशियाई खेलों में कमाल किया, उसी तरह से हाथरस जिले की बेटियां भी आगे बढ़ें।”
आदित्यनाथ ने कहा, ”हमारी सरकार ने तय किया है कि एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक लाने वाली बेटियों को हम पुलिस उपाधीक्षक बनाएंगे।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बेटे और बेटियों में कोई भेदभाव नहीं है तथा उनकी सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत मिलने वाली धनराशि को 15,000 रुपये से बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया है। आदित्यनाथ ने इस मौके पर यह भी कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगे नहीं होते और त्योहार खुशी के साथ मनाए जाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा, “महिलाओं का विकास हमारी प्राथमिकता है। आज गरीबों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाएं डबल इंजन सरकार के एजेंडे में हैं। महिलाओं को आगे लाकर उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।” मुख्यमंत्री ने पिछले साढ़े नौ साल में देश में बदलाव आने और साढ़े छह साल में उत्तर प्रदेश में परिवर्तन आने का दावा करते हुए कहा, ‘‘ आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक नया भारत देख रहे हैं। आज के भारत में, जाति, पंथ, धर्म, क्षेत्र, भाषा या लिंग के आधार पर किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं है।”
इस मौके पर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, मंत्री बेबी रानी मौर्य, असीम अरुण और अनेक अन्य नेता भी मौजूद थे।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common