तिरुवनंतपुरम/नयी दिल्ली, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद और केरल के पूर्व मंत्री के. राधाकृष्णन ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार की ‘एक देश एक चुनाव’ की नीति के खिलाफ है और इसका कड़ा विरोध किया जाएगा। राधाकृष्णन ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा कि माकपा के अलावा कांग्रेस भी देश में एक साथ चुनाव कराने संबंधी विधेयक का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय दल भी ‘एक देश एक चुनाव’ की नीति का विरोध करेंगे क्योंकि यह नीति उनके लिए फायदेमंद नहीं है। केंद्र सरकार ने देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के प्रावधान वाले विधेयक को विपक्षी दलों के भारी विरोध के बीच मंगलवार को लोकसभा में पेश किया और कहा कि इस पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए इसे संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के पास भेजा जाएगा। विपक्षी दलों ने देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के प्रावधान वाले ‘संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024’ और उससे जुड़े ‘संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) विधेयक 2024’ को संघीय व्यवस्था पर हमला करार दिया लेकिन सरकार ने आरोप को खारिज कर दिया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common