मिजोरम के लोगों को भाजपा के प्रति अपनी धारणा बदलनी चाहिए: भाजपा उम्मीदवार

आइजोल, मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार वनलालहमुअका ने सोमवार को राज्य के लोगों से भाजपा के बारे में अपनी धारणा बदलने को कहा। 

भाजपा की मिजोरम इकाई के अध्यक्ष वनलालहमुअका ने कहा कि मिजोरम को भी अधिक विकास के लिए अन्य पूर्वोत्तर राज्यों की तरह केंद्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के साथ सहयोग करने के तरीके सीखने चाहिए। भाजपा ने रविवार को राज्य की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए वनलालहमुअका को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

पार्टी कार्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि राजग केंद्र में सत्ता बरकरार रखेगा। उन्होंने कहा, “मिजोरम के लोगों को भाजपा के बारे में अपनी धारणा बदलनी चाहिए… मिजोरम को विकास के लिए अन्य पूर्वोत्तर राज्यों की तरह राजग सरकार के साथ सहयोग करने के तरीके सीखने चाहिए।” वनलालहमुअका ने दावा किया कि पूर्वोत्तर के अन्य हिस्से खासकर मेघालय, नगालैंड और मणिपुर के ईसाई बहुल पर्वतीय क्षेत्र राजग के साथ मिलकर काम करते हैं और वे विकास के रास्ते पर हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: