आइजोल, मिजोरम में कम से कम 3,365 सरकारी कर्मचारियों ने अपनी जगह दूसरे लोगों को काम पर लगाया है जो अवैध रूप से विभिन्न विभागों में उनकी जगह सेवा दे रहे हैं। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों ऐसा ज्यादा देखा गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पिछले साल दिसंबर में सत्ता संभालने के तुरंत बाद, मुख्यमंत्री लालदुहोमा के नेतृत्व वाली जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) सरकार ने स्थानापन्न कर्मचारियों के बारे में जानकारी मांगी थी और जनवरी तक रिपोर्ट सौंपने को कहा था।
अधिकारियों ने बताया कि अब तक की जानकारी के मुताबिक स्कूली शिक्षा विभाग में सबसे अधिक 1,115, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग में 624 और बिजली विभाग में 253 लोग मूल कर्मचारियों की जगह काम कर रहे हैं। मिजोरम में राज्य सरकार के लगभग 50 हजार कर्मचारी हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common