मूसेवाला हत्याकांड के संबंध में एक आरोपी पुणे से गिरफ्तार, पुलिस ने बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया

पुणे/मुंबई, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में एक संदिग्ध सिद्धेश हिरामन कांबले उर्फ महाकाल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कांबले और एक अन्य संदिग्ध संतोष जाधव दोनों मूसेवाला हत्याकांड में संलिप्त थे और साजिश के बारे में इन्हें भी पता था। कांबले और जाधव पुणे के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि जाधव की पहचान हत्याकांड में शामिल शूटर के रूप में की गई है।

महाराष्ट्र के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) कुलवंत कुमार सारंगल ने कहा कि कांबले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य है।

उन्होंने मुंबई में पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कांबले और जाधव मूसेवाला हत्याकांड में शामिल थे। दोनों को साजिश के बारे में जानकारी थी। जांच के दौरान सामने आया है कि कांबले लॉरेस बिश्नोई गिरोह का सदस्य है।’’

सारंगल ने कहा कि जाधव ने ही कांबले को बिश्नोई गिरोह में शामिल कराया जोकि मूसेवाला हत्याकांड में वांछित है।

उन्होंने कहा, ‘‘सूचना के अनुसार, संतोष जाधव सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर में एक था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।’’

सारंगल ने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस मूसेवाला की हत्या में कांबले की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘ कांबले, जाधव का करीबी सहयोगी है।’’

अधिकारी ने कहा कि पुलिस को पुणे के मंचार थाने में दर्ज एक मामले के संबंध में कांबले की 12 दिन की रिमांड मिली है।

उन्होंने कहा कि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हाल में फिल्म पटकथा लेखक सलीम खान और उनके अभिनेता बेटे सलमान खान को धमकी भरा पत्र देने के मामले में बिश्नोई गिरोह की कोई भूमिका है या नहीं?

वहीं, पुणे पुलिस का कहना है कि कांबले को मंगलवार को पुणे-अहमदनगर सीमा से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधीक्षक (पुणे ग्रामीण) अभिनव देशमुख ने बताया कि कांबले के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) लगाया गया है और वह हत्या के एक आरोपी संतोष जाधव को कथित रूप से पनाह देने के लिए वांछित था। उन्होंने कहा कि कांबले मूसेवाला हत्याकांड का भी संदिग्ध है।

देशमुख ने कहा, ‘‘हमने कांबले को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ ओंकार बानखेले की हत्या के आरोपी संतोष जाधव को पनाह देने के मामले में मकोका लगाया गया था। इस बाबत पुणे जिले के मंचार थाने में मामला दर्ज है।’’

मूसेवाला हत्याकांड में कांबले की भूमिका के सवाल पर अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने उसे मंचार थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि संबंधित जांच एजेसी को कांबले की गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया जा रहा है।

पंजाब के मानसा जिले में 29 मई को अज्ञात हमलावारों ने मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Twitter

%d bloggers like this: