बैंकॉक, म्यांमा की संसद ने मिन आंग ह्लाइंग को देश का नया राष्ट्रपति चुन लिया जो सेना के जनरल रह चुके हैं। ह्लाइंग ने 2021 में आंग सान सू ची की असैन्य सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था और पिछले पांच वर्षों से सत्ता पर अपना कड़ा नियंत्रण बनाए रखा।
यह कदम औपचारिक रूप से निर्वाचित सरकार की वापसी को दर्शाता है हालांकि व्यापक रूप से इसे सेना द्वारा आयोजित चुनाव के बाद सत्ता में बने रहने के उसके प्रयास के रूप में देखा जा रहा है क्योंकि विरोधियों और स्वतंत्र पर्यवेक्षकों ने इस चुनाव को न तो स्वतंत्र और न ही निष्पक्ष माना है।
मिन आंग ह्लाइंग राष्ट्रपति पद के लिए तीन नामांकित व्यक्तियों में से एक थे लेकिन सैन्य समर्थित दलों के सांसदों और सेना द्वारा नियुक्त सदस्यों का संसद में भारी बहुमत होने के कारण उनकी नियुक्ति लगभग तय मानी जा रही थी।
संसद के संयुक्त ऊपरी और निचले सदन के अध्यक्ष आंग लिन ड्वे ने घोषणा की कि मिन आंग ह्लाइंग ने 584 में से 429 वोट हासिल किए हैं। दूसरे स्थान पर रहे दोनों उम्मीदवार उपराष्ट्रपति बने हैं।
वरिष्ठ जनरल के पद पर आसीन मिन आंग ह्लाइंग (69) ने पहले ही कमांडर-इन-चीफ का पद त्याग दिया था क्योंकि संविधान में राष्ट्रपति को एक साथ सर्वोच्च सैन्य पद धारण करने की अनुमति नहीं है। उनके एक करीबी सहयोगी जनरल ये विन ऊ ने यह शक्तिशाली पद ग्रहण किया।
मिन आंग ह्लाइंग 2011 से सैन्य प्रमुख थे। सेना द्वारा लागू संविधान के तहत सू ची की सरकार को उखाड़ फेंकने से पहले भी उनके पास काफी शक्ति थी।
संसद सदस्यों का चुनाव दिसंबर और जनवरी में तीन चरणों में हुआ। सू ची की पूर्व में सत्तारूढ़ नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी सहित प्रमुख विपक्षी दलों को या तो चुनाव लड़ने से रोक दिया गया या उन्होंने उन शर्तों के तहत चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया जिन्हें वे अनुचित मानते थे। सू ची जेल में बंद हैं।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common