युवा कांग्रेस ने नीट मामले पर विरोध प्रदर्शन किया

नयी दिल्ली, भारतीय युवा कांग्रेस ने कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

इस मौके पर लाकड़ा ने कहा ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो देशों के बीच का युद्ध रुकवा देते हैं लेकिन पेपर लीक नहीं रोक पा रहे हैं।’’

लाकड़ा का यह भी कहना था ‘‘आखिर क्या कारण है कि पिछले 10 साल में 89 पेपर लीक हुए हैं 4 बार नीट का पेपर लीक हुआ और 48 बार दोबारा परीक्षाएं हुईं। ये घटनाएं हमारी शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करती है। हमारे छात्र जान चुके हैं कि मोदी सरकार नाकाम है। इसे लेकर छात्रों में भारी हताशा है।’’

उन्होंने कहा ‘‘हमारी मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें और केंद्र सरकार बच्चों को मुआवजा दे।’’

कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने भी इस मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रधान के इस्तीफे की मांग की। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: