यूक्रेन प्रशिक्षण योजना पर धीमी प्रगति की ईयू के शीर्ष राजनयिक ने की आलोचना

ब्रसेल्स, यूरोपीय संघ (ईयू) के शीर्ष राजनयिक ने यूक्रेनी सैन्य बलों के लिए सैन्य प्रशिक्षण मिशन गठित करने में समूह (ईयू) की धीमी कार्यवाही को लेकर सोमवार को आलोचना की। ईयू के सदस्य देशों के विदेश मंत्री इस योजना पर अगले हफ्ते चर्चा करने की तैयारी में जुटे हैं।

ईयू की विदेश नीति प्रमुख जोसेप बोरेल ने 27 देशों के इस गुट के राजदूतों के सम्मेलन में कहा, ‘‘हम यूक्रेनी प्रशिक्षण मिशन के बारे में युद्ध के पहले से चर्चा कर रहे थे। युद्ध के पहले कई महीनों से।’’

राजदूतों की हंसी के बीच बोरेल ने कहा ‘‘इस बीच युद्ध हो गया और लोगों ने कहा, ओह, हमें इसे करना चाहिए था। वाकई, हमें इसे करना चाहिये था। अब हम इसे शीघ्रता से कर रहे हैं।’’

सैन्य प्रशिक्षण मिशन पर चर्चा के लिए ईयू के विदेश मंत्रियों की बैठक ब्रसेल्स में 17 अक्टूबर को प्रस्तावित है। यूक्रेन पर रूसी हमले के करीब आठ महीने बाद यह बैठक होगी।

ईयू और नाटो के कई सदस्य देश यूक्रेनी सैन्य बलों को द्विपक्षीय संबंधों के आधार पर पहले से ही सैन्य प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: