यूक्रेन में शांति स्थापित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय एकजुट होकर काम करे : कांग्रेस

नयी दिल्ली, रूस के हमले के बाद यूक्रेन में उत्पन्न संकट के बीच कांग्रेस ने रविवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सैन्य संघर्ष को रोकने, यथाशीघ्र शांति स्थापित करने और मानव जीवन को बचाने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए।

पार्टी में विदेश मामलों के विभाग के अध्यक्ष आनंद शर्मा ने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच पैदा हुई शत्रुता और सैन्य संघर्ष दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए मानती है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सैन्य संघर्ष रोकने और मानव जीवन को बचाने व संकट को बढ़ने से रोकने के लिए यथाशीघ्र शांति स्थापित करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘ मिंस्क और रूस-नाटो समझौते और पूर्व में बनी सहमति का सम्मान करते हुए रूस और यूक्रेन के बीच सभी मुद्दों को बातचीत के जरिये सुलझाने के लिए कूटनीतिक वार्ता के रास्ते को ईमानदारी से अपनाया जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के घोषणा पत्र का सभी देशों द्वारा सम्मान किया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने समय पर यूक्रेन से सभी भारतीयों को निकालने में कथित रूप से असफल रहने पर भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना की और इस संबंध में तत्काल कदम उठाने की मांग की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: