रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 25 से 26 जून, 2025 तक चीन के क़िंगदाओ में आयोजित होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) रक्षा मंत्रियों की बैठक में एक उच्च स्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। बैठक के दौरान, रक्षा मंत्रियों से क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी प्रयासों और एससीओ सदस्य देशों के रक्षा मंत्रालयों के बीच सहयोग सहित कई मुद्दों पर चर्चा करने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्री एससीओ के सिद्धांतों और अधिदेश के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को उजागर करेंगे, अधिक अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा प्राप्त करने की दिशा में भारत के दृष्टिकोण को रेखांकित करेंगे, क्षेत्र में आतंकवाद और उग्रवाद को खत्म करने के लिए संयुक्त और लगातार प्रयासों का आह्वान करेंगे और एससीओ के भीतर अधिक व्यापार, आर्थिक सहयोग और संपर्क की आवश्यकता पर जोर देंगे। वह बैठक के दौरान चीन और रूस सहित कुछ भाग लेने वाले देशों के रक्षा मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। भारत क्षेत्र में बहुपक्षवाद, राजनीतिक, सुरक्षा, आर्थिक और लोगों से लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने में एससीओ को विशेष महत्व देता है। एससीओ संप्रभुता, राष्ट्रों की क्षेत्रीय अखंडता, आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने, सभी सदस्य राज्यों के आपसी सम्मान, समझ और समानता के सिद्धांतों के आधार पर अपनी नीति का पालन करता है। एससीओ 2001 में स्थापित एक अंतर-सरकारी संगठन है। भारत 2017 में इसका पूर्ण सदस्य बना और 2023 में इसकी अध्यक्षता संभाली। एससीओ की सदस्यता में भारत के अलावा कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस शामिल हैं। चीन ने ‘शंघाई भावना को कायम रखना: एससीओ आगे बढ़ रहा है’ थीम के तहत 2025 के लिए एससीओ की अध्यक्षता संभाली है। https://en.wikipedia.org/wiki/Rajnath_Singh#/media/File:Defence_Minister_Shri_Rajnath_Singh.jpg