राजगीर में होगा पुरुषों का एशिया कप, हॉकी इंडिया ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए

नयी दिल्ली, पुरुषों के एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन राजगीर में 29 अगस्त से सात सितंबर के बीच किया जाएगा जो बेल्जियम और नीदरलैंड द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जाने वाले 2026 एफआईएच विश्व कप का क्वालीफायर भी होगा।

बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर को महिलाओं की एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी के सफल आयोजन के बाद मेजबानी के अधिकार दिए गए हैं। टूर्नामेंट का विजेता सीधे विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेगा जिससे प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा होने की उम्मीद है।

महाद्वीपीय टूर्नामेंट के 12वें सत्र में भारत पाकिस्तान जापान कोरिया चीन और मलेशिया सहित आठ टीम हिस्सा लेंगी। शेष दो टीम क्वालीफाइंग प्रतियोगिता एएचएफ कप के जरिए अपना स्थान सुरक्षित करेंगी।

राजगीर को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के आयोजन स्थल के रूप में अंतिम रूप देने के लिए हॉकी इंडिया और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बीच सोमवार को एमओयू (सहमति पत्र) पर हस्ताक्षर किए गए।

दक्षिण कोरिया पुरुषों के एशिया कप के इतिहास में पांच खिताब (1994 1999 2009 2013 और 2022) के साथ सबसे सफल टीम है जिसके बाद भारत (2003 2007 और 2017) और पाकिस्तान (1982 1985 और 1989) का नंबर आता है जिन्होंने तीन-तीन बार टूर्नामेंट जीता है।

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा ‘‘एशिया कप 2026 विश्व कप के लिए क्वालीफायर के रूप में काम कर रहा है इसलिए हम जुनून और कौशल से भरे उच्च गुणवत्ता वाले मुकाबलों की उम्मीद करते हैं। मैं बिहार सरकार को इस क्षेत्र में हॉकी को बढ़ावा देने में उनके निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं।’’

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा ‘‘हम बिहार के राजगीर में एशिया कप लाकर रोमांचित हैं। यह टूर्नामेंट ना केवल एशियाई हॉकी के सर्वश्रेष्ठ को प्रदर्शित करेगा बल्कि भारत और क्षेत्र में खेल को काफी बढ़ावा भी देगा।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: