लेह/जम्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लेह में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मियों और मशीनों को समर्पित एक संग्रहालय की आधारशिला रखी।
एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, “बीआरओ के कर्मियों के बलिदान का सम्मान करने, इसकी उपलब्धियों को संस्थागत बनाने और सामने लाने के लिए लेह में एक संग्रहालय स्थापित किया जा रहा है जो सूचना और प्रेरणा का स्रोत होगा।”
उन्होंने कहा कि संग्रहालय भवन का निर्माण ‘3डी प्रिंटिंग’ तकनीक से किया जाएगा और पूरा होने पर यह दुनिया का सबसे ऊंचा ‘3डी प्रिंटेड’ भवन होगा।
सिंह ने चंडीगढ़ में हिमांक एयर डिस्पैच परिसर की भी आधारशिला रखी। बार तैयार हो जाने के बाद यह दुनिया का सबसे बड़ा ‘3डी प्रिंटेड’ परिसर होगा।
प्रवक्ता ने कहा, “सर्दियों की शुरुआत के साथ, जब भारी हिमपात के कारण दर्रे बंद हो जाते हैं, तो बीआरओ दूर-दराज के क्षेत्रों में कर्मियों, मशीनरी और सामग्री की आवाजाही के लिए हवाई प्रयास का व्यापक रूप से इस्तेमाल करता करता है।”
उन्होंने कहा, “बीआरओ नवीनतम 3डी प्रिंटिंग तकनीक के जरिए चंडीगढ़ में नए परिसर का निर्माण करेगा और पूरा हो जाने के बाद यह इमारत दुनिया में सबसे बड़ा 3डी प्रिंटेड परिसर होगी।’’
रक्षा मंत्री ने शुक्रवार को लद्दाख, जम्मू कश्मीर, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में 2,180 करोड़ रुपये की लागत से 75 बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित किया। इन परियोजनाओं में पुल, सड़क और हेलीपैड आदि शामिल हैं।
सिंह ने बीआरओ की सराहना करते हुए कहा कि आने वाले समय में देश को प्रगति की नयी ऊंचाइयों पर ले जाने में इसकी अहम भूमिका है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons