भारत, ईयू ने पेशेवर लोगों और छात्रों के प्रवास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की

नयी दिल्ली, भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) ने दोनों पक्षों के परस्पर फायदे के लिए प्रतिभाशाली पेशेवरों, छात्रों और कुशल श्रमिकों की आवाजाही एवं प्रवास को बढ़ावा देने के तरीके तलाशे हैं। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह मुद्दा भारत और यूरोपीय संघ के बीच 27 अक्टूबर को ब्रसेल्स में प्रवास एवं आवाजाही पर छठी उच्च स्तरीय वार्ता में उठा।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा, अवैध प्रवास की रोकथाम सहित व्यवस्थित एवं नियमित प्रवास को बढ़ावा देने से जुड़े कई मुद्दों पर बैठक में चर्चा हुई।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने परस्पर फायदे के लिए प्रतिभाशाली पेशेवरों, छात्रों और कुशल श्रमिकों की आवाजाही एवं प्रवास में सहयोग के संभावित क्षेत्रों पर चर्चा की।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने प्रवास एवं आवाजाही पर भारत-ईयू साझा एजेंडा के सफल क्रियान्वयन पर संतोष जाहिर किया। भारत और ईयू के बीच राजनयिक संबंधों के 60 वर्ष पूरे होने को लेकर यह वार्ता रणनीतिक साझेदारी को एक अहम आयाम देती है।’’

वार्ता में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय में ‘कांसुलर, पासपोर्ट एवं वीजा और समुद्र पारीय मामलों के) सचिव औसफ सईद ने किया।

ईयू के दल का नेतृत्व यूरोपीय संघ के महानिदेशक (प्रवास एवं गृह मामले) मोनिक पैरियट ने किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://twitter.com/thefirstindia/status/1283781728759234566/photo/1

%d bloggers like this: