भारत और साइप्रस ने साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलाइड्स की भारत की राजकीय यात्रा के दौरान 14 प्रमुख परिणामों की घोषणा की, जिनमें रणनीतिक साझेदारी, रक्षा, आतंकवाद-रोधी उपाय, साइबर सुरक्षा, व्यापार, शिक्षा, संस्कृति, नवाचार और समुद्री सहयोग शामिल हैं।दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों को एक ‘रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया, जिसका उद्देश्य सुरक्षा, लचीलेपन, व्यापार, निवेश और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान (people-to-people exchanges) के क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है।
भारत और साइप्रस ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग को आगे बढ़ाने और आतंकवाद-रोधी रणनीतियों को लागू करने के लिए ‘आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह’ स्थापित करने हेतु एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए।राजनयिकों के प्रशिक्षण को सुगम बनाने और आपसी रणनीतिक हितों की समझ को गहरा करने के लिए ‘सुषमा स्वराज विदेश सेवा संस्थान’ और ‘साइप्रस की राजनयिक अकादमी’ के बीच राजनयिक प्रशिक्षण पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में एक अन्य समझौता ज्ञापन का उद्देश्य शैक्षणिक सहयोग का विस्तार करना और भारतीय छात्रों के लिए अवसर सृजित करना है।दोनों पक्षों ने सांस्कृतिक आदान-प्रदान, पुरातात्विक सहयोग और सांस्कृतिक संपत्ति की अवैध तस्करी के खिलाफ सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘सांस्कृतिक सहयोग’ पर भी एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
डिजिटल प्रौद्योगिकियों, नवाचार, स्टार्टअप इकोसिस्टम और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने के लिए ‘नवाचार और प्रौद्योगिकी’ पर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।भारत और साइप्रस ‘खोज और बचाव’ (Search and Rescue) संबंधी मामलों पर आधिकारिक समन्वय और सहयोग स्थापित करने पर सहमत हुए, जिसका उद्देश्य समुद्री बचाव कार्यों, प्रमाणित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत करना और भारतीय समुद्री समुदाय को सहायता प्रदान करना है। रक्षा सहयोग, संयुक्त प्रशिक्षण और सुरक्षा सहयोग का विस्तार करने के लिए वर्ष 2026-2031 हेतु ‘रक्षा सहयोग का एक रोडमैप’ भी घोषित किया गया। दोनों देशों ने उभरते साइबर खतरों से निपटने, ज्ञान साझाकरण को बेहतर बनाने और संस्थागत क्षमताओं का निर्माण करने के लिए एक साइबर सुरक्षा संवाद स्थापित करने पर भी सहमति व्यक्त की।
कांसुलर मुद्दों को संबोधित करने और चिंताओं के समय पर समाधान सुनिश्चित करने के लिए एक संरचित ढांचा प्रदान करने हेतु एक कांसुलर संवाद तंत्र भी स्थापित किया जाएगा।इस यात्रा के दौरान साइप्रस इंडो-पैसिफिक ओशन्स इनिशिएटिव में शामिल हुआ, जो एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के लिए समर्थन और भारत के साथ मजबूत समुद्री सुरक्षा सहयोग का संकेत है।
भारत ने आपदाओं और आपात स्थितियों के दौरान त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए साइप्रस को BHISHM क्यूब (दवाएं और आपातकालीन चिकित्सा उपकरण युक्त) उपहार में देने की भी घोषणा की।इस यात्रा के दौरान 18 मई, 2026 को पहली बार ‘भारत-साइप्रस अंतरिक्ष दिवस’ भी मनाया गया, जिसका उद्देश्य अंतरिक्ष क्षेत्र में कार्यरत संगठनों और संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना था। साइप्रस ने द्विपक्षीय व्यापार को मज़बूत करने, भारत से निर्यात बढ़ाने और रोज़गार के अवसर पैदा करने के लिए मुंबई में एक ‘साइप्रस व्यापार केंद्र’ खोलने की भी घोषणा की।https://x.com/MEAIndia/status/2057735236151337264/photo/4