रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले सप्ताह ईरान जायेंगे

मास्को, 12 जुलाई (एपी) यूक्रेन में कार्रवाई के लिये रूस को ईरान द्वारा ड्रोन मुहैया कराये जाने की आशंका को लेकर अमेरिका द्वारा चेतावनी दिए जाने के एक दिन बाद क्रेमलिन ने कहा है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले सप्ताह ईरान के दौरे पर जायेंगे ।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेशकोव ने बताया कि रूस के राष्ट्रपति अगले मंगलवार को तेहरान जायेंगे जहां वह ईरान और तुर्की के नेताओं के साथ एक त्रिपक्षीय बैठक में हिस्सा लेंगे जहां सीरिया से संबंधित मसलों पर बातचीत होगी ।

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के इस हफ्ते इस्राइल और सऊदी अरब के दौरे के बाद पुतिन का ईरान दौरा होगा। बाइडन की यात्रा के दौरान ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्र में उसकी दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों पर प्रमुखता से चर्चा होगी ।

पेशकोव ने संवाददाताओं को बताया कि ईरान के दौरे पर पुतिन तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन के साथ अलग से मुलाकात करेंगे ।

इस साल मार्च में एर्दोआन ने इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच वार्ता के लिये मध्यस्थता की थी । पेशकोव ने कहा कि इस तरह की नयी बातचीत के लिये चर्चा नहीं होगी ।

व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा था को कि उसका मानना है कि रूस यूक्रेन में इस्तेमाल के मकसद से ‘‘सैकड़ों’’ की तादाद में ड्रोन के लिये ईरान का रूख कर रहा है । उसने कहा कि इसमें हथियार ले जाने में सक्षम ड्रोन भी शामिल हैं ।

अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवान ने कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान ने पहले ही रूस को कोई ड्रोन उपलब्ध कराया है या नहीं। उन्होंने किन्तु यह भी कहा कि अमेरिका के पास ऐसी ‘सूचना’ है जिससे यह संकेत मिलता है कि ईरान इसी महीने रूसी सैनिकों को उनके इस्तेमाल के लिये प्रशिक्षण देने की तैयारी कर रहा है ।

ईरान के विदेश मंत्री के प्रवक्ता नासिर कन्नानी ने मंगलवार को अपनी टिप्पणी में अमेरिका के दावे को लेकर इंकार नहीं किया।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ अत्याधुनिक तकनीकों के मामले में ईरान और रूस का सहयोग रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुये युद्ध से बहुत पहले का है ।’’

कन्नानी ने कहा, ‘‘हाल में, इस दिशा में कोई विशेष प्रगति नहीं हुयी है ।’’

दूसरी ओर तेहरान में ईरान की संसद की आर्थिक समिति के अध्यक्ष मोहम्मदरेज पूरेब्राहिमी ने सरकारी समाचार ऐजेंसी इरना को बताया कि पुतिन के इस दौरे में प्रतिबंध प्रभावित दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों में और सुधार की कोशिश की जायेगी ।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: