लद्दाख में 2026 के पहले 10 महीनों में पर्यटकों की आमद में 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज: उपराज्यपाल

लेह/जम्मू. लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि इस केंद्र शासित प्रदेश में पर्यटकों की आमद में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है तथा 2026 के पहले 10 महीनों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 65.90 प्रतिशत बढ़ी है।

उपराज्यपाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लद्दाख में जनवरी से अक्टूबर 2026 के बीच 4.91 लाख पर्यटक आए जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 2.96 लाख थी। उन्होंने कहा ‘‘लद्दाख में इस साल लगातार छठे महीने पर्यटन क्षेत्र में असाधारण वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2025 के इसी महीनों की तुलना में 2026 में पर्यटकों की आमद में मई में 121 प्रतिशत जून में 43 प्रतिशत जुलाई में 56 प्रतिशत अगस्त में 65 प्रतिशत और सितंबर में 61 प्रतिशत की वृद्धि हुई।’’

उन्होंने कहा कि अक्टूबर में भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा। इस महीने 30 623 पर्यटक लद्दाख पहुंचे जबकि पिछले साल अक्टूबर में यह संख्या 17 537 थी। इस तरह पर्यटकों की आमद में 74.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

सक्सेना ने पर्यटकों की आमद में माहवार वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2025 के मई जून जुलाई अगस्त और सितंबर की तुलना में इस साल इन महीनों में पर्यटकों की संख्या में क्रमश: 121 प्रतिशत 43 प्रतिशत 56 प्रतिशत 65 प्रतिशत और 61 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उपराज्यपाल ने पर्यटकों की संख्या में वृद्धि का श्रेय घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील और स्थानीय पर्यटन उद्योग को मजबूत करने के उद्देश्य से उनके प्रशासन की लक्षित नीतिगत पहलों को दिया।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं और स्थानीय समुदायों की आजीविका को टिकाऊ बनाने में मदद मिल रही है। उन्होंने पोस्ट में कहा ‘‘हम सभी यात्रियों का लद्दाख की अद्भुत प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध संस्कृति का अनुभव करने के लिए हार्दिक स्वागत करते हैं। साथ ही उनसे जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील करते हैं।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: