वामपंथी नेताओं ने न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जीत पर ममदानी को बधाई दी

नयी दिल्ली,  वामपंथी नेताओं ने न्यूयॉर्क मेयर चुनाव में जोहरान ममदानी की जीत पर उन्हें बधाई दी।  मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने कहा कि यह दिखाता है कि लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देने वाली नीतियों को स्वीकार किया जा रहा है।

                 बेबी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा  ‘‘न्यूयॉर्क मेयर चुनाव जीतने पर जोहरान ममदानी को हार्दिक बधाई। भारतीय जड़ों वाले व्यक्ति के तौर पर  आपकी जीत हमारे लिए भी गर्व का पल है। राष्ट्रपति ट्रंप के अमेरिका में यह जीत उन नीतियों की स्वीकार्यता दिखाती है जो लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देती हैं।’’

                 माकपा के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास ने कहा कि ममदानी की जीत उन ‘‘तानाशाह’’ सरकारों के लिए एक करारा जवाब है जो अपने कदमों को सही ठहराने के लिए चुनावी जनादेश होने का फर्जी दावा करती हैं।

                 भाकपा (माले) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा  ‘‘जोहरान ममदानी की न्यूयॉर्क मेयर के तौर पर जीत ट्रंप और (इजराइल के प्रधानमंत्री) नेतन्याहू के लिए सबसे बड़ी हार है। यह लोकतंत्र के लिए लड़ने वाले हर व्यक्ति  मेहनतकश लोगों के अधिकारों  फलस्तीन की आजादी  प्रवासियों की सुरक्षा और सम्मान तथा दुनिया में कहीं भी मुसलमानों के समान अधिकारों के लिए एक बड़ी जीत है।’’

                 भाकपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा  ‘‘जोहरान ममदानी को नफरत  विभाजन और प्रभुत्ववादी ताकतों पर उनकी प्रेरणादायक जीत के लिए बधाई। न्यूयॉर्क के मेयर के तौर पर उनका चुनाव उम्मीद  न्याय और एकता का एक मजबूत संदेश है।’’

                 भारतीय मूल के 34 वर्षीय जोहरान ममदानी को मंगलवार को न्यूयॉर्क सिटी का मेयर चुना गया। प्रसिद्ध भारतीय फिल्म निर्माता मीरा नायर और भारतीय मूल के युगांडा के लेखक महमूद ममदानी के पुत्र जोहरान ममदानी ने पूर्व गवर्नर एंड्रयू कुओमो और रिपब्लिकन पार्टी के कर्टिस स्लिवा को हराया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: