विकसित भारत संकल्प यात्रा नागरिकों को सीधे तौर पर फायदा पहुंचा रही है: केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

पलक्कड, केन्द्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को कहा कि केन्द्र सरकार के तहत विकास की अवधारणा यह सुनिश्चित करना है कि विकास अंतिम छोर तक और आबादी के सबसे जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचे। पुरी ने वर्तमान में जारी विकसित भारत संकल्प यात्रा (वीबीएसवाई) पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि नागरिकों को इससे सीधे लाभ मिलता है।

             उन्होंने कहा कि अनेक योजनाएं बनाई गई हैं और उन्हें लागू किया गया है जिनमें महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। पुरी ने कहा, ‘‘केन्द्र सरकार के तहत विकास की अवधारणा यह सुनिश्चित करना है कि विकास अंतिम छोर तक और आबादी के सबसे जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचे। इससे पहले नागरिकों को उनके लिए बनाई गई योजनाओं का लाभ पाने के लिए अनेक कार्यालयों में जाना पड़ता था। वहीं वीबीएसवाई सीधे नागरिकों को लाभ पहुंचाती है और यह सुनश्चित कर रही है कि विकास का लाभ सभी तक पहुंचे।’’

             इससे पहले पुरी ने इस जिले के मनकारा ग्राम पंचायत में वीबीएसवाई कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास किए जा रहे हैं कि महिलाओं को नेतृत्व पद पर लाया जाए। पुरी ने कहा, ‘‘महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून ऐतिहासिक कदम है।’’ मंत्री ने समारोह में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी बातचीत की और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के 100 प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए मनकारा पंचायत को सम्मानित किया, और उज्ज्वला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन भी दिए।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: