विश्व कप की विफलता के बाद भी जर्मनी के लिए उपलब्ध है म्यूलर

दोहा, थॉमस म्यूलर ने फुटबॉल विश्व कप में जर्मनी की विफलता के बाद सोमवार को अंतरराष्ट्रीय संन्यास की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि वह चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

बायर्न म्यूनिख के इस फारवर्ड ने एक दिसंबर को संकेत दिया था कि वह जर्मनी के लिए अपना अंतिम मैच खेल चुके हैं। जर्मनी के लगातार दूसरे विश्व कप के ग्रुप चरण से बाहर होने के बाद उन्होंने प्रशंसकों की सराहना करते हुए ऐसे संकेत दिए थे।

अगले हफ्ते जर्मनी का घरेलू सत्र बहाल होने से पहले कतर में बायर्न के साथ शीतकालीन ट्रेनिंग सत्र के दौरान 2014 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य म्यूलर ने कहा कि उन्होंने जर्मनी के कोच हेन्सी फ्लिक से बात की है और फैसला किया है कि वह अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास नहीं लेंगे।

म्यूलर ने सोमवार को कहा, ‘‘मैच के बाद मैं भावुक था और यह दुखद लम्हा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सोच-विचार कर रहा था और हेन्सी फ्लिक के संपर्क में था। जब तक मैं पेशेवर फुटबॉल खिलाड़ी रहूंगा तब तक राष्ट्रीय टीम के लिए उपलब्ध रहूंगा।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: