लंदन, ब्रिटेन में रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा क्योंकि देश भर में चालकों और सिग्नल कर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले रेडियो सिस्टम में खराबी के कारण पूरे नेटवर्क में ट्रेन रद्द करनी पड़ीं। ट्रेन संचालन कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाली नेशनल रेल के अनुसार सुबह के व्यस्त समय के दौरान हुई इस समस्या के कारण पूरे ब्रिटेन में ट्रेन सेवा प्रभावित हुई तथा कई ट्रेन को रद्द करना पड़ा। प्रभावित लाइन में लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के लिए एलिजाबेथ लाइन और राजधानी के दूसरे सबसे बड़े हवाई अड्डे के लिए गैटविक एक्सप्रेस शामिल हैं। नेशनल रेल ने कहा कि गड़बड़ी से मुख्य रूप से ऐसी ट्रेन प्रभावित हुईं जो अपनी यात्रा के आरंभ में डिपो से निकलने की तैयारी कर रही होती हैं लेकिन एक बार ट्रेन चलने के बाद सामान्य रूप से चल सकती हैं। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने बताया ‘‘ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि ट्रेन चालकों को आज सुबह संबंधित सिग्नलिंग केंद्र से संपर्क करने में बाधा आई।’’