सहकारी समितियां मोदी सरकार के सुधारों के कारण अब समृद्धि की तरफ अग्रसर हो रही हैं: ओम बिरला

नयी दिल्ली, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कहा कि एक समय था जब सहकारी समितियां ‘भ्रष्टचार, कुप्रबंधन और राजनीति’ के कारण बदहाल थीं, लेकिन अब समय बदल गया है और मोदी सरकार के सुधारों के कारण यह क्षेत्र अब समृद्धि की ओर अग्रसर होने के लिए तैयार है।
बिरला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से सहकारिता के लिए अलग मंत्रालय बनाने की पहल से तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सहकारी समितियां देश में ‘सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन के एक नये युग’ की शुरुआत करेंगी।
लोकसभा अध्यक्ष यहां 17वीं भारतीय सहकारी कांग्रेस के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। बिरला ने कहा, ‘‘सहकारिता एक बहुत बड़ा क्षेत्र है, लेकिन एक दौर ऐसा भी था जब किसी न किसी रूप में इसमें भ्रष्टाचार था, उचित प्रबंधन की कमी थी, व्यवस्था में ठहराव था, राजनीति थी… जो सहकारी समितियों के लिए अच्छा नहीं था। भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और पारदर्शिता की कमी के कारण लोग सहकारी समितियों पर सवाल उठाने लगे थे।’’
बिरला के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सही कहा था कि सहकारी क्षेत्र को नई ऊंचाई (सहकार से समृद्धि) तक ले जाना होगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: