आम आदमी पार्टी (आप) ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका सेक्टर 16डी में एक सार्वजनिक पार्क पर प्रवेश शुल्क लगाने के दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के फैसले की आलोचना की है। आप प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि “बड़े सही कहते हैं। बच्चे के पांव पालने में ही दिखाई देने लगते हैं। रेखा गुप्ता जी शपथ लेते ही झूठ बोलती हैं कि दिल्ली का खजाना खाली है और दिल्ली के लोगों को लूटने की तैयारी शुरू कर देती हैं।
सार्वजनिक पार्कों में प्रवेश शुल्क लेना गलत है। सरकार को लोगों को पार्कों में आने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए, जैसे अरविंद केजरीवाल ने पार्कों में जिम उपकरण लगाकर किया था। भाजपा लोगों को पार्कों में आने से हतोत्साहित कर रही है। यह लूट बंद होनी चाहिए। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने 25 फरवरी को एक नोटिस में घोषणा की कि पार्क में प्रवेश अब शुल्क देय होगा। दैनिक प्रवेश शुल्क ₹20 निर्धारित किया गया है, जबकि आम जनता के लिए मासिक पास की कीमत ₹200 होगी। विदेशी नागरिकों को मासिक पास के लिए ₹100 का भुगतान करना होगा। वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक प्रवेश के लिए ₹10 और मासिक पास के लिए ₹100 का शुल्क देना होगा। हालांकि, 13 वर्ष तक के बच्चे और छात्र नि:शुल्क प्रवेश कर सकते हैं। Photo : Wikimedia