नयी दिल्ली, ‘स्पेसएक्स’ ने कैलिफॉर्निया से फाल्कन 9 रॉकेट के जरिये बेंगलुरु आधारित स्टार्ट-अप ‘गैलेक्सआई’ के मिशन ‘दृष्टि’ उपग्रह का प्रक्षेपण किया। कंपनी के अनुसार मिशन दृष्टि दुनिया का पहला ‘ऑप्टोएसएआर’ उपग्रह है जिसमें ‘इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल’ (ईओ) और ‘सिंथेटिक अपर्चर रडार’ (एसएआर) सेंसर को एक ही प्लेटफॉर्म पर जोड़ा गया है।
ईओ सेंसर धूप और साफ मौसम में उच्च गुणवत्ता की तस्वीरें लेते हैं जबकि एसएआर सेंसर ‘रडार पल्स’ के जरिए हर मौसम तथा हर समय तस्वीरें उपलब्ध कराते हैं।
कंपनी के संस्थापक और सीईओ सुयश सिंह ने एक बयान में कहा “मिशन दृष्टि के सफलतापूर्वक कक्षा में पहुंचने के बाद हमारा ध्यान इसकी ‘कमीशनिंग’ को पूरा करने पर है। इस चरण के दौरान हम अपने ऑप्टोएसएआर पेलोड से मिलने वाले अलग तरह के डेटा को लेकर दुनियाभर में खासी रुचि देख रहे हैं।”
कंपनी ने कहा कि यह उपग्रह पारंपरिक प्रणालियों की सीमाओं से आगे जाने में मदद करेगा और विभिन्न पर्यावरणीय परिस्थितियों में अधिक विश्वसनीय व निरंतर डेटा उपलब्ध कराएगा।
मिशन दृष्टि का प्रक्षेपण पांच वर्षों तक स्वदेशी अनुसंधान एवं विकास व्यापक पर्यावरणीय परीक्षण और प्रदर्शन सत्यापन के बाद किया गया।
इंडियन स्पेस एसोसिएशन (आईएसपीए) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) ए.के. भट्ट ने कहा “गैलेक्सआई ने वह उपलब्धि हासिल की है जो दुनिया में कुछेक संस्थाओं ने हासिल की है और वह है एक ही प्लेटफॉर्म पर ऑप्टिकल तथा एसएआर क्षमताओं को सहज रूप से जोड़कर हर मौसम में निरंतर निगरानी संभव बनाना।”उन्होंने कहा कि इस प्रौद्योगिकी की खास बात सिर्फ इसकी क्षमता नहीं बल्कि इसका व्यापक प्रभाव भी है खासकर अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में जहां पृथ्वी निरीक्षण के क्षेत्र में समयबद्ध और निर्णय लेने के लिए उपयोगी जानकारी बेहद महत्वपूर्ण होती है।
आईएसपीए देश में अंतरिक्ष और उपग्रह कंपनियों का प्रमुख उद्योग संगठन है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी मिशन दृष्टि के प्रक्षेपण पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा “दुनिया के पहले ऑप्टोएसएआर उपग्रह और देश के सबसे बड़े निजी रूप से निर्मित उपग्रह का सफल प्रक्षेपण हमारे युवा नवोन्मेषकों की अपार क्षमता को दर्शाता है जो राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं।”
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common