हमने पुतिन या रूस पर हमला नहीं किया : यूक्रेन के राष्ट्रपति

कीव, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने क्रेमलिन पर हमले के रूस के दावे का खंडन किया है। रूस ने दावा किया था कि उसने बुधवार तड़के क्रेमलिन पर यूक्रेन द्वारा किए गए ड्रोन के हमले को नाकाम कर दिया।  यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रूस के दावे का खंडन करते हुए कहा, “हमने पुतिन या रूस पर हमला नहीं किया।”

             रूस ने यह दावा भी किया कि यूक्रेन की ओर से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या का असफल प्रयास किया गया जो “आतंकवादी” कृत्य था। रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ को बताया कि पुतिन उस समय क्रेमलिन में नहीं थे तथा मॉस्को के बाहर अपने नोवो-ओगारयोवो निवास पर थे।

            कथित हमले का कोई स्वतंत्र सत्यापन नहीं किया गया है, वहीं रूस के अधिकारियों ने दावा किया कि रातभर यह घटना घटी, लेकिन इसका सत्यापन करने के लिए कोई सबूत पेश नहीं किया। इस पर सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्रेमलिन को इस घटना की सूचना देने में इतनी देर क्यों लग गई और इसके वीडियो बाद में क्यों सामने आए।

             मॉस्को के एक स्थानीय समाचार टेलीग्राम चैनल पर रात में साझा किए गए एक वीडियो में दिखाया गया है कि क्रेमलिन के पास नदी के उस पार से गोलीबारी की गई तथा इमारतों के ऊपर से धुंआ उठता दिखाई दे रहा है। घटना की सत्यता का पता लगाना संभव नहीं है।

             वीडियो के साथ दिए गए विवरण के अनुसार, पास के अपार्टमेंट की एक इमारत के निवासियों ने देर रात 2.30 बजे के आसपास धमाकों की आवाज और धुएं को देखने की सूचना दी।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: