हीली की तरह हरमनप्रीत को बड़े मैचों में अच्छा प्रदर्शन करना होगा :हुसैन

नयी दिल्ली,  इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने कहा कि विश्व कप में हरमनप्रीत कौर का प्रदर्शन शानदार रहा है और अब भारतीय महिला टीम की कप्तान को आस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली की तरह प्रदर्शन कर दिखाना होगा ।

             महिला विश्व कप में अभी तक हरमनप्रीत चार मैचों में 71 रन ही बना सकी है जबकि स्मृति मंधाना ने 134 और प्रतिका रावल ने 180 रन बनाये हैं ।

            दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया से दो करीबी मुकाबले हारने के बाद मेजबान टीम तालिका में चौथे स्थान पर है और यहां से हारने पर विश्व कप में सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को झटका लग सकता है ।

             भारत को अब इंदौर में रविवार को इंग्लैंड से खेलना है और नासिर हुसैन को उम्मीद है कि मंधाना और रावल का साथ देने के लिये मध्यक्रम अच्छा प्रदर्शन करेगा ।

             हुसैन ने जियो स्टार प्रेस रूम में कहा  ‘‘ जैसे कि मैं कह चुका हूं कि हरमनप्रीत का विश्व कप में शानदार रिकॉर्ड रहा है । वह बड़े मैचों में अच्छा खेलती है और अब उसे उसी तरह का प्रदर्शन करना होगा जो पिछले मैच में एलिसा हीली ने आस्ट्रेलिया के लिये किया था । भारतीय कप्तान से भी मुझे वही उम्मीद है ।’’

             हुसैन ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि भारतीय टीम मंधाना और रावल पर ज्यादा निर्भर है ।

             उन्होंने कहा  ‘‘ हरलीन देयोल ने अच्छा प्रदर्शन किया है । स्ट्राइक रेट की तुलना करते समय हमें सतर्क रहना चाहिये । पावरप्ले में बल्लेबाजी करते हुए और पावरप्ले में पारी की शुरूआत करते हुए स्ट्राइक रेट ऊंचा रहता है ।’’

             सात बार की चैम्पियन आस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है और अब तीन स्थानों के लिये भारत  इंग्लैंड  दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड में मुकाबला है ।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: