हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में हमले सीमित करने का संकेत दिया

दुबई,  यमन के हूती विद्रोहियों ने गाजा में संघर्ष विराम समझौता लागू होने के बाद लाल सागर में अपने हमलों को इजराइल से जुड़े जहाजों तक सीमित रखने का संकेत दिया है।  हूतियों ने रविवार को जहाज संचालकों और अन्य को भेजे गए ईमेल में यह सूचना दी। हूती विद्रोहियों ने संभवत: इस फैसले के बारे में सोमवार को अलग से एक सैन्य बयान जारी करने की योजना बनाई है।

             हूतियों ने अपने मानवीय संचालन समन्वय केंद्र के माध्यम से दी गई सूचना में कहा कि उसने नवंबर 2023 में हमलों की शुरुआत होने के बाद से जिन अन्य जहाजों को निशाना बनाया है  उनपर से पाबंदियां हटा रहा है।

             अक्टूबर 2023 में गाजा इजराइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से हूती विद्रोहियों ने लगभग 100 व्यापारिक जहाजों को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया है। अक्टूबर 2023 में हमास ने इजराइल पर अचानक हमला किया था  जिसमें 1 200 लोग मारे गए थे और 250 अन्य को बंधक बना लिया गया था।

             हूतियों ने एक अभियान में एक जहाज को जब्त कर लिया और दो को डुबो दिया  जिसमें चार नाविक भी मारे गए। अन्य मिसाइलों और ड्रोनों को या तो लाल सागर में अलग-अलग अमेरिकी और यूरोपीय नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा नाकाम कर दिया गया है या वे अपने लक्ष्य तक पहुंचने में विफल रहे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: