महिला 10 किमी पैदल चाल स्पर्धा पूरी करने वाली सभी नौ खिलाड़ियों ने पिछला रिकॉर्ड तोड़ा

देहरादून, अभूतपूर्व नतीजे में मंगलवर को यहां राष्ट्रीय खेलों की महिला 10 किमी पैदल चाल स्पर्धा पूरी करने वाली सभी नौ प्रतिभागियों ने 26 साल पहले बने खेलों के रिकॉर्ड समय से बेहतर प्रदर्शन किया। स्पर्धा में 11 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया लेकिन दो स्पर्धा को पूरा नहीं कर पाए। राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक प्रियंका गोस्वामी ने अपनी प्रविष्टि भेजी थी लेकिन उन्होंने स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया। मणिपुर में 1999 के बाद इस स्पर्धा की राष्ट्रीय खेलों में वापसी हुई है। पिछले साल 20 किमी स्पर्धा में राष्ट्रीय अंतर राज्यीय और राष्ट्रीय ओपन चैंपियनशिप जीतने वाली हरियाणा की रवीना ने 45.52 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 1999 खेलों के दौरान इम्फाल में बनाए मणिपुर की वाई बाला देवी के 51.56 सेकेंड के खेलों के पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। रवीना के बाद स्पर्धा पूरी करने वाली आठ प्रतिभागियों ने भी 51.56 सेकेंड के खेलों के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन किया। उत्तराखंड की शालिनी (46.12 सेकेंड) ने रजत जबकि उत्तर प्रदेश की मुनिता प्रजापति (46:23 सेकेंड) ने कांस्य पदक जीता। तमिलनाडु की मोकावी मुथुराथिनम (46.23 सेकेंड) उत्तराखंड की पायल (47.36 सेकेंड) उत्तर प्रदेश की रेशमा पटेल (48.16 सेकेंड) उत्तराखंड की मानसी नेगी (48.32 सेकेंड) महाराष्ट्र की सेजल सिंह (49.33 सेकेंड) और हरियाणा की मोनिका (51.45 सेकेंड) ने भी पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड से बेहतर समय निकाला। हालांकि कि सिर्फ रवीना के समय को राष्ट्रीय खेलों के नए रिकॉर्ड के रूप में जगह मिली। पुरुष 20 किमी पैदल चाल में 10 में से छह प्रतिभागियों ने एक घंटा 23 मिनट 26 सेकेंड के राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन किया। यह रिकॉर्ड झारखंड के गुरमीत सिंह ने 2011 में बनाया था। सेना के सर्विन सबेस्टियन ने एक घंटा 21 मिनट 23 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। उनका पिछला निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एक घंटा 21 मिनट 39 सेकेंड था। पेरिस ओलंपिक 2024 की मैराथन पैदल चाल मिश्रित रिले स्पर्धा में प्रियंका गोस्वामी के साथ प्रतिस्पर्धा करने वाले उत्तराखंड के सूरज पंवार ने एक घंटा 21 मिनट 34 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता जबकि पंजाब के अमनजोत सिंह (एक घंटा 21 मिनट 42 सेकेंड) ने कांस्य पदक हासिल किया। पेरिस ओलंपियन सेना के परमजीत सिंह बिष्ट (एक घंटा 22 मिनट दो सेकेंड) उत्तर प्रदेश के राम बाबू (एक घंटा 22 मिनट 26 सेकेंड) और राजस्थान के मुकेश निथरवाल (एक घंटा 22 मिनट 52 सेकेंड) ने भी राष्ट्रीय खेलों के पिछले रिकॉर्ड से बेहतर प्रदर्शन किया।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: