अगला संयुक्त राष्ट्र प्रमुख क्यों नहीं महिला हो सकती :अमेरिका

न्यूयॉर्क,  अमेरिका ने संयुक्त राष्ट्र का नेतृत्व किसी महिला द्वारा किए जाने का समर्थन किया है और कहा है कि ‘‘ऐसा कोई कारण नहीं है’’ कि किसी महिला को इस वैश्विक संगठन का अगला महासचिव न चुना जा सके। संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद में अमेरिकी प्रतिनिधि और महासभा के सत्रों में अमेरिका के वैकल्पिक प्रतिनिधि  राजदूत डैन नेग्रेआ ने ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा महिला महासचिव को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा  ‘‘बिल्कुल  कोई महिला भी हो सकती है। ऐसा न होने का कोई कारण नहीं है।’’

          नेग्रेआ यहां ‘अमेरिका ट्रेड ओवर एड फोरम’ पर उच्च स्तरीय मंच की बैठक के परिणाम के बारे में न्यूयॉर्क फॉरेन प्रेस सेंटर की ओर से आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। यह प्रेस वार्ता संयुक्त राष्ट्र के उच्चस्तरीय राजनीतिक मंच के इतर संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी मिशन की ओर से आयोजित ‘ट्रेड ओवर एड’ फोरम के अगले दिन आयोजित की गई।

          नेग्रेआ ने दुनिया के अगले शीर्ष राजनयिक को चुनने की प्रक्रिया के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा  ‘‘अमेरिका उम्मीदवारों के आकलन में बहुत गहराई से जुड़ा है और हम इसे बेहद अहम मामला मान रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका ने 193 सदस्यों वाले इस वैश्विक संगठन में शीर्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे उम्मीदवारों से मुलाकात की है।

          उन्होंने कहा  “…यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय संगठन की कार्यक्षमता से जुड़ा एक बेहद अहम मामला है। और हम संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी मिशन तथा वॉशिंगटन में विदेश मंत्रालय में इस पर काफी समय दे रहे हैं। हां  बिल्कुल।’’

          नेग्रेआ ने कहा कि भले ही विदेश मंत्री मार्को रुबियो संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के उम्मीदवारों से नहीं मिले हैं  लेकिन संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज़ और अन्य अधिकारी उनसे मिल चुके हैं।

          उन्होंने कहा  ‘‘मैं उनमें से कुछ लोगों से मिला  सबसे नहीं  लेकिन हम इसे बहुत-बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। यह बेहद जरूरी है।’’

           संयुक्त राष्ट्र के अगले महासचिव को चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और अब तक दुनिया के इस शीर्ष राजनयिक पद के लिए सात उम्मीदवार मैदान में हैं  जिनमें से पांच महिलाएं हैं।

                    संयुक्त राष्ट्र महासचिव पद के लिए दावेदारी पेश करने वालों में चिली की पूर्व राष्ट्रपति और मानवाधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र की उच्चायुक्त मिशेल बैशलेट  संयुक्त राष्ट्र व्यापार और विकास सभा (यूएनसीटीएडी) की महासचिव और कोस्टा रिका की पूर्व उपराष्ट्रपति रेबेका ग्रिनस्पैन और संयुक्त राष्ट्र महासभा की पूर्व अध्यक्ष तथा इक्वाडोर की विदेश  रक्षा और प्राकृतिक विरासत मामलों की मंत्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सिस शामिल हैं।

                    जनसंहार और घृणा भाषण रोकथाम पर महासचिव की पूर्व विशेष सलाहकार और संयुक्त राष्ट्र की पूर्व अवर सचिव तथा बच्चों और सशस्त्र संघर्ष के मामलों में महासचिव की विशेष प्रतिनिधि वर्जीनिया गैम्बा  संयुक्त राष्ट्र में गुयाना की स्थायी प्रतिनिधि व राजदूत कैरोलिन रोड्रिग्स बिर्केट  अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए)के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी और सेनेगल के पूर्व राष्ट्रपति मैकी साल भी इस दौड़ में हैं। संयुक्त राष्ट्र के मौजूदा महासचिव एंटोनियो गुतारेस का दूसरा कार्यकाल दिसंबर 2026 में समाप्त हो रहा है।

क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: