अदाणी के प्रवक्ताओं की तरह व्यवहार कर रहे हैं भाजपा नेता- बिहार कांग्रेस अध्यक्ष

पटना, बिहार कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं पर अदाणी समूह के ‘‘प्रवक्ता के रूप में काम करने’’ का रविवार को आरोप लगाया जिसपर अमेरिका में रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। राज्यसभा सदस्य सिंह आरोपों की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग को लेकर दबाव डालने के लिए कांग्रेस की प्रदेश इकाई द्वारा आयोजित एक प्रदर्शन के मौके पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा ‘‘लंबे समय से हमारे नेता राहुल गांधी गौतम अदाणी के अनैतिक कार्यों को उजागर कर रहे हैं। किसी ने ध्यान नहीं दिया। अब अमेरिका में एक घोटाला सामने आया है जिसने दुनिया भर में देश की प्रतिष्ठा को धूमिल किया है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त उद्योग समूह को लेकर विवादों के बावजूद केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ‘‘उन्हें बचाने की कोशिश कर रही है… और मीडिया से बात करने वाले भाजपा के नेता अदाणी के प्रवक्ता के रूप में ‘ओवरटाइम’ काम करते प्रतीत होते हैं।’’ बिहार कांग्रेस अध्यक्ष सिंह ने कहा ‘‘हम मांग करते हैं कि भ्रष्टाचार घोटाले की जांच के लिए जल्द से जल्द एक जेपीसी का गठन किया जाए। अदाणी और उनके साथ मिलीभगत करने वाले सरकारी अधिकारियों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’’ सिंह के साथ इस प्रदर्शन में बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान सहित पार्टी के कई सहयोगी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने इस अवसर पर पुतला फूंकने के साथ ही अदाणी और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अमेरिकी अभियोजकों ने अदाणी पर सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को लगभग 2 200 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की एक व्यापक साजिश का कथित रूप से हिस्सा होने का आरोप लगाया है। अदाणी समूह ने आरोप से इनकार करते हुए कहा है कि अमेरिकी अभियोजकों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और समूह सभी कानूनों का अनुपालन करता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: