अहमदाबाद, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को गुजरात के गांधीनगर में अमूलफेड डेयरी में उन्नत जैविक परीक्षण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
अमूल ब्रांड के अंतर्गत उत्पाद बेचने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ लिमिटेड (जीसीएमएमएफ) की इकाई अमूलफेड डेयरी में स्थित अत्याधुनिक प्रयोगशाला यह सत्यापित करेगी कि ‘जैविक’ लेबल वाले खाद्य पदार्थ प्रमाणिक हैं या नहीं। इससे पता लगेगा कि खाद्य पदार्थों की खेती के दौरान कृत्रिम उर्वरकों, कीटनाशकों और अन्य रसायनों का इस्तेमाल तो नहीं किया गया है।
जीसीएमएमएफ ने एक बयान में कहा कि जैविक परीक्षण करने और जैविक उत्पादकों का समर्थन करने के लिए सहकारी संस्था द्वारा यह पहली समर्पित प्रयोगशाला है। भारत में जैविक खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग के कारण ऐसी उन्नत सुविधाओं की आवश्यकता है।
विज्ञप्ति के अनुसार जैविक भोजन का उत्पादन सिंथेटिक उर्वरकों, कीटनाशकों और अन्य रसायनों के उपयोग के बिना किया जाता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons