मनीला, दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के नेता और अमेरिका तथा चीन सहित उनके प्रमुख साझेदार ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों से निपटने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। एसोसिएटेड प्रेस को शुक्रवार को मिले एक मसौदा बयान में यह जानकारी सामने आई है।
फिलीपीन की राजधानी मनीला में मंगलवार को दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के नेताओं और उनके एशियाई तथा पश्चिमी साझेदारों के वार्षिक शिखर सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय अपराधों का यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा। इन अपराधों के जरिये एशिया से लेकर अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों में लोगों से अरबों डॉलर की ठगी की गई है।
ग्यारह सदस्य देशों वाले संगठन ‘आसियान’ की वर्तमान अध्यक्षता फिलीपीन के पास है। दक्षिण-पूर्व एशिया के कई पिछड़े इलाकों में आपराधिक गिरोहों ने आधुनिक प्रौद्योगिकी और मानव तस्करी का सहारा लेकर अपने अवैध नेटवर्क का दुनिया के अन्य हिस्सों तक विस्तार किया है।
विस्तारित आसियान समूह के तहत आयोजित होने वाले ‘पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन’ के नेताओं की ओर से बैठक के बाद जारी किए जाने वाले संयुक्त बयान के मसौदे में कहा गया है कि नेता ऑनलाइन धोखाधड़ी के बढ़ते खतरे और इसमें शामिल अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गिरोहों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इन गिरोहों पर ठगी के अड्डे संचालित करने और मानव तस्करी जैसे अपराधों में शामिल होने के आरोप हैं।
मसौदा बयान के अनुसार नेताओं ने इस बात को भी स्वीकार किया है कि आपराधिक गिरोह अब अधिक उन्नत हो चुके हैं और डिजिटल एवं अन्य आधुनिक प्रौद्योगिकी के साथ-साथ डिजिटल वित्तीय मंचों का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने वित्तीय और डिजिटल प्रणालियों को मजबूत करने की जरूरत तथा ठगी के अड्डों से जुड़े गंभीर मानवीय दुष्परिणामों पर भी गौर किया।
मनीला में प्रस्तावित पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले नेता ऑनलाइन धोखाधड़ी के मूल कारणों और इससे जुड़े अन्य कारकों को दूर करने की जरूरत पर भी जोर देंगे।
ये नेता इस बात पर भी बल देंगे कि ऑनलाइन धोखाधड़ी से निपटने के लिए सरकारों की कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होनी चाहिए और इस दौरान मानवाधिकारों का पालन किया जाना चाहिए।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common