आईओए चुनाव विवाद पर आईओसी की प्रतिक्रिया, भारत के ओलंपिक आंदोलन की छवि पर पड़ रहा नकारात्मक असर

नयी दिल्ली,  अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने कहा कि भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के विवादों में घिरे चुनावों को लेकर पैदा हुई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति के कारण भारत के ओलंपिक आंदोलन की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है और उसने आग्रह किया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष तरीके से और बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के पूरी की जाए।

                    यह बयान आईओए की अध्यक्ष पी.टी. उषा द्वारा आईओसी को पत्र लिखे जाने के बाद आया है। उषा ने आरोप लगाया था कि उत्कृष्ट योग्यता वाले खिलाड़ियों (एसओएम) पैनल में उनका निर्वाचित नहीं हो पाना अन्य उम्मीदवारों द्वारा बाहरी ताकतों के दबाव में की गई हेरफेर का परिणाम था।

                    उषा पांच दिसंबर को होने वाली आईओए की आम सभा की बैठक में अध्यक्ष पद के दूसरे कार्यकाल के लिए अब भी चुनावी दौड़ में शामिल हैं। इस बैठक में आईओए के चुनाव होने हैं। भारतीय आइस हॉकी महासंघ ने उन्हें अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है।

                    आईओसी ने मौजूदा स्थिति पर निराशा जताई है। आईओसी ने भारतीय मीडिया संस्थानों को भेजे गए एक बयान में कहा  ‘‘आईओसी यह देखकर बेहद निराश है कि एक बार फिर आईओए की चुनाव प्रक्रिया के संचालन और चुनावों को नियंत्रित करने वाले नियमों के क्रियान्वयन को लेकर विवाद और समस्याएं सामने आ रही हैं। यह स्थिति तब है  जब पिछले कुछ वर्षों में ओलंपिक चार्टर और ओलंपिक आंदोलन में सुशासन के बुनियादी सिद्धांतों के अनुरूप आईओए के लिए एक मजबूत प्रशासनिक ढांचा तैयार करने के कई प्रयास किए गए हैं। ’’इसमें कहा गया  ‘‘यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति एक बार फिर भारत में ओलंपिक आंदोलन के कामकाज और उसकी प्रतिष्ठा को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर रही है। ’’भारत उन सात देशों में शामिल है जो 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी हासिल करने की दौड़ में हैं। ऐसे में आईओए के भीतर सत्ता को लेकर चल रहा संघर्ष देश की प्रशासनिक व्यवस्था की सकारात्मक छवि पेश नहीं कर रहा है।

                    दरअसल यह बयान ऐसे समय आया है  जब इसी महीने के अंत में 2036 ओलंपिक की मेजबानी के दावेदार देशों की आईओसी के भविष्य मेजबान आयोग के साथ बैठक होने वाली है। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार भारत 26 नवंबर से लुसाने (स्विट्जरलैंड) में प्रस्तावित बैठकों के दौरान ओलंपिक खेलों की मेजबानी को लेकर अपना दृष्टिकोण और योजना पेश करेगा।

                    आईओसी ने कहा कि उसे उम्मीद है कि आईओए और चुनाव कराने की जिम्मेदारी संभाल रहे निर्वाचन अधिकारी  दोनों ही ओलंपिक चार्टर का पालन करेंगे।

                    आईओसी ने अपने बयान में कहा  ‘‘आईओसी ने आईओए और चुनाव प्रक्रिया के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि आईओए के चुनाव ओलंपिक चार्टर  आईओए के संविधान और सभी लागू नियमों के पूर्ण अनुपालन में कराए जाएं। चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से तथा बिना किसी बाहरी हस्तक्षेप के संपन्न होने चाहिए। ’’ क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: